मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की 6 हजार से अधिक मतों से शानदार जीत पर पांढुरना जिला एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ जीत का जश्न मनाया।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतन उईके, पांढुरना विधायक निलेश उईके, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता तूमड़ाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विलास डोंगरे तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल की उपस्थिति में जिला, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तीन शेर चौक पर एकत्रित हुए। इस दौरान आतिशबाजी की गई, मिठाइयां बांटी गईं और “कांग्रेस जिंदाबाद” तथा “घनश्याम सिंह जिंदाबाद” के नारों के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह जीत कांग्रेस की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा की जनविरोधी नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस को प्रचंड समर्थन दिया है। उनका मानना है कि यह जीत पूरे प्रदेश में कांग्रेस के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।
जश्न समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
