वार्ड नंबर-2 में मकानों का सर्वे शुरू, पात्र परिवारों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ | New India Times

शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 में सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी के नेतृत्व में मकानों का सर्वे कराया गया। सर्वे का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करना है, जो अब तक सरकार की आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं प्राप्त कर सके हैं।

सर्वे के दौरान टीम ने घर-घर जाकर परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, आवास की स्थिति तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एकत्र की। सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से वार्ड में व्यापक स्तर पर सर्वे कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सर्वे में चिन्हित पात्र परिवारों का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाएगा, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

सभासद ने वार्डवासियों से अपील की कि वे सर्वे टीम को सही जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, जिससे पात्रता के आधार पर उनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की गलत जानकारी देने से बचें, क्योंकि सभी विवरणों का सत्यापन किया जाएगा।

वार्ड के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों को अब सहायता मिल सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सर्वे निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरा हुआ, तो जरूरतमंद परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

सर्वे कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सभासद ने भरोसा दिलाया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

सर्वे के दौरान पीपीगंज नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि गुड्डू रावत, डूडा के कर्मचारी विवेक कुमार चौधरी, आशीष कुमार, दिनेश कुमार, लक्ष्मण कुमार, मोनू कुमार, सोनू कुमार, आकाश कुमार, किशन कुमार तथा टाउन एरिया के कर्मचारी शिवम जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version