अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
चुनार के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने परेड ग्राउंड के पास ‘चुनार सैंड स्टोन हेरिटेज पार्क’ के निर्माण को मंजूरी दे दी है। लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पार्क 5 एकड़ भूमि में विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना का उद्देश्य चुनार के प्रसिद्ध बलुआ पत्थर (सैंड स्टोन) की ऐतिहासिक विरासत, शिल्पकला और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। पार्क के निर्माण से स्थानीय शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और चुनार की पहचान एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होगी। यह हेरिटेज पार्क चुनार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
