मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन में आगामी कांवड़ यात्रा एवं गोगा महाराज पर्व के मद्देनज़र पुलिस कंट्रोल रूम, बुरहानपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रियों एवं गोगा महाराज के भगतगणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था। इस दौरान यात्रा की तैयारियों, यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित कांवड़ यात्रियों से यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करते हुए सभी से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश :
– कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
– प्रत्येक कांवड़ यात्री को यात्रा के दौरान अपना पहचान पत्र (आईडी कार्ड) साथ रखने एवं उसका उपयोग करने की सलाह दी गई।
– यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने तथा अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।
– किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
– गोगा महाराज पर्व के अवसर पर सभी भगतगणों से आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आग्रह किया गया।
– धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, कानून-व्यवस्था का पालन करने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी गई।
– प्रशासन एवं पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
– सभी आयोजकों एवं श्रद्धालुओं से आपसी समन्वय बनाकर धार्मिक कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया गया।
बैठक के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि कांवड़ यात्रा एवं गोगा महाराज पर्व सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
