विवेक जैन, सोनीपत, हरियाणा, NIT:
अग्रसेन धाम कुंडली के राष्ट्रीय मार्गदर्शक एवं सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि आगामी 2 अगस्त 2026 को सेक्टर-14 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित होने वाला माता महालक्ष्मी महाभिषेक एवं महाराजा अग्रसेन महिमा महोत्सव सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और समाज जागरण का ऐतिहासिक आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन के माध्यम से समाज को महाराजा अग्रसेन के स्वर्णिम इतिहास, उनके आदर्शों, राष्ट्रसेवा, मानवता की रक्षा तथा जरूरतमंदों की सहायता की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी अग्रबंधुओं से परिवार सहित इस पावन आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने का आह्वान किया।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि यह आयोजन समाज के लिए अत्यंत पुण्यदायी अवसर है। माता महालक्ष्मी के महाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से श्रद्धालुओं को ऋणमुक्ति, धन-धान्य, समृद्धि तथा सुख-शांति का आशीर्वाद प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि सोनीपत में पहली बार माता महालक्ष्मी को समर्पित इस भव्य महापूजन एवं अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समाज में धार्मिक चेतना और एकता का नया संदेश जाएगा।
अग्रसेन धाम के सीनियर वाइस चेयरमैन टीकाराम मित्तल एवं संयोजक डॉ. राजेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आयोजन में सोनीपत सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी अग्रबंधुओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आयोजन की सफलता में महिला मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
धाम के मीडिया प्रभारी एवं प्रांतीय संयोजक पवन गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर श्री अग्रसेन धाम विकास समिति, जिला सोनीपत की नई इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव समाज को एकजुट करने तथा सेवा, संस्कार और सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान विकास मंगला, पवन अग्रवाल, ओपी गर्ग, अशोक गर्ग, सतपाल गुप्ता, नरेश कंसल, अनिल गर्ग, नरेश गर्ग, प्रदीप गोयल, संजय शर्मा, राजेंद्र तानू, पवन जिंदल, सुमित गर्ग, विशाल गर्ग, चिराग कंसल, मीनू मंगला, रेखा गुप्ता, अनीता गोयल, बबीता जिंदल तथा महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन (बागपत) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
