इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

भुसावल शहर के रज़ा हुसैन प्राथमिक विद्यालय में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना में अनियमितताओं का मामला एक बार फिर उजागर हुआ है। पूर्व में प्रकाशित खबर के बाद शिक्षा विभाग ने जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन 27 जुलाई 2026 को हुई पुनः जांच में भी कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिससे विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पंचायत समिति भुसावल की जांच टीम ने विद्यालय का निरीक्षण कर भोजन वितरण, अभिलेख, स्वच्छता व्यवस्था तथा संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली। जांच में पाया गया कि जुलाई के चौथे सोमवार को निर्धारित मेन्यू के अनुसार ‘मसाला भात’ बनाया जाना था, लेकिन न तो भोजन तैयार किए जाने का कोई ठोस प्रमाण मिला और न ही विद्यार्थियों को वितरण के साक्ष्य मिले। भोजन का नमूना भी सुरक्षित नहीं रखा गया था।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के हाथ धोने, पेयजल, शौचालय में पानी तथा परिसर और रसोई की स्वच्छता में भी कमी पाई गई। टेस्ट रजिस्टर, रसोइया-सहायिका का अनुबंध और भोजन में उपयोग किए गए चावल व वाटाणा का स्पष्ट रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बयानों में भी विरोधाभास सामने आया।
जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में प्रथमदृष्ट्या यह निष्कर्ष दर्ज किया कि 27 जुलाई को योजना के तहत भोजन तैयार नहीं किया गया। साथ ही विद्यालय की मुख्याध्यापिका को प्रथमदृष्ट्या दोषी मानते हुए नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
जांच समिति में बी.डी. धाडी, तुषार प्रधान, सुनील मोरे और मोहसीन काजी शामिल थे। लगातार सामने आ रही इन अनियमितताओं पर अब शिक्षा विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर टिकी है।
