ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब (IPS) के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक 10 दिवसीय विशेष यातायात अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वाहनों पर लगाए गए अनाधिकृत हूटर, ब्लैक फिल्म, वीआईपी/सरकारी स्टिकर तथा नियमों के विपरीत नंबर प्लेटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति हूटर व फ्लैशर लाइट का उपयोग, वाहन पर वीआईपी या सरकारी पहचान दर्शाने वाले अनधिकृत स्टिकर लगाना, ब्लैक फिल्म का प्रयोग करना तथा निर्धारित मानकों के विपरीत नंबर प्लेट लगाना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यकतानुसार अन्य वैधानिक कदम भी उठाए जाएंगे।
पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अभियान शुरू होने से पहले ही अपने वाहनों से अनाधिकृत हूटर, ब्लैक फिल्म, वीआईपी/सरकारी स्टिकर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट स्वयं हटा लें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
