शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रा.प.ए.) सोनभद्र की राबर्ट्सगंज तहसील इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को स्थानीय किरण वाटिका, मधुपुर में आयोजित की गई। बैठक में तहसील कार्यकारिणी के गठन एवं संगठन विस्तार को लेकर उपस्थित पत्रकारों और सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक विनोद कुमार मिश्रा ने की, जबकि संचालन सेराज अहमद एवं बृजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक के दौरान पत्रकार बृजेश कुमार सिंह ने तहसील अध्यक्ष पद के लिए जयनाथ मौर्य के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से समर्थन किया। इसके बाद जयनाथ मौर्य को सर्वसम्मति से राबर्ट्सगंज तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इसके अलावा कार्यकारिणी में रामनरेश शुक्ला, बद्री गौतम एवं विजय शंकर पाण्डेय को उपाध्यक्ष, भानु प्रताप, मुरली दत्त पाठक एवं धर्मेश मिश्र को महामंत्री, मोहन प्रसाद एवं राघवेंद्र को मंत्री तथा बृजेश कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यकारिणी गठन के बाद बैठक में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकारों की समस्याओं तथा उनके हितों के संरक्षण पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। नवमनोनीत पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे तहसील क्षेत्र के पत्रकारों के मान-सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। बैठक में क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन से जुड़े सदस्य भी उपस्थित रहे।
