तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में रायसेन प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है।
रायसेन पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उन्हें धारा 151 के तहत एसडीएम एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनीष शर्मा की न्यायालय में पेश किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मनीष शर्मा ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए। सुनवाई के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा, “महिलाओं और बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है। उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना केवल सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
एसडीएम मनीष शर्मा की इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश गया है कि रायसेन प्रशासन महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। समाज में अशांति फैलाने या महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
शहर में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है। लोगों का कहना है कि एसडीएम मनीष शर्मा अपने निष्पक्ष, संवेदनशील और दृढ़ प्रशासनिक निर्णयों के लिए पहले से ही जाने जाते हैं। महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मामले में उनकी त्वरित कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि कानून सबके लिए समान है और अशोभनीय मानसिकता रखने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत एवं सराहनीय कदम माना जा रहा है। आम नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में इसी प्रकार की सख्ती बरती जाएगी, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों में कानून का भय बना रहे।
