पनारा में कूड़ेदान बना मुसीबत: सड़क पर फैली गंदगी और बदबू से ग्रामीण परेशान, बीमारी फैलने का खतरा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जनपद पंचायत जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा में जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पनारा में डब्ल्यूसीएल स्टोर मार्ग पर स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास बने कूड़ेदान की नियमित सफाई नहीं होने से कचरा सड़क पर फैल गया है।

लगातार हो रही बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। गंदगी के कारण बड़ी संख्या में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कूड़ेदान से लगभग 20 मीटर की दूरी पर एक स्कूल स्थित है, जहां प्रतिदिन छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं।

सड़क पर फैले कचरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। पैदल चलने वाले लोगों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से संबंधित अधिकारी और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, लेकिन समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से कूड़ेदान की नियमित साफ-सफाई कराने तथा सड़क पर फैली गंदगी को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और बीमारी फैलने की आशंका को रोका जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version