मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पालाचौरई के वार्ड क्रमांक 12 (बालकराम दफाई) में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने वार्ड की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इन समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में नालियों की सफाई, सार्वजनिक कुएँ के आसपास उगी गाजर घास एवं फैले कचरे की सफाई, जर्जर सीसी सड़क की मरम्मत तथा वार्ड में स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा नगर मंडल के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र साहू एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश विश्वकर्मा ने ग्रामीणों की ओर से इन समस्याओं से सरपंच एवं ग्राम पंचायत सचिव को अवगत कराते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का जल्द समाधान किया जाएगा।
