जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

नगर निगम भोपाल के वार्ड क्रमांक 85 में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अधीक्षण यंत्री आर.आर. जारोलिया, रजिस्ट्रार सत्यप्रकाश बड़गैंया, वार्ड प्रभारी अभिषेक यादव तथा वार्ड 85 के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में वार्ड कार्यालय के पीछे विभिन्न प्रजातियों के लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वायु प्रदूषण कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर किए जा रहे ऐसे प्रयासों से नागरिकों में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
वार्ड 85 प्रशासन द्वारा किए गए इस सराहनीय प्रयास की स्थानीय निवासियों ने भी प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
