पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

धार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनावर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मनावर की चौकी सिंघाना पुलिस ने दो संपत्ति संबंधी मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी गोविंद पिता गुलाब भील, निवासी सिंघाना को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से दो स्थायी वारंट जारी थे, जिनसे बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था। विशेष अभियान के दौरान मुखबिर सूचना और लगातार की गई पतारसी के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी सुशील यदुवंशी, प्रधान आरक्षक महेंद्र डाबर, आरक्षक बलराम बास्कले और आरक्षक सुनील भूरिया की सराहनीय भूमिका रही।
