मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार को शाहजहांपुर की तहसील जलालाबाद पहुंचे। उन्होंने भगवान परशुराम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के महंत सत्यदेव पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन कराया।
पूजा-अर्चना के बाद उप मुख्यमंत्री ने नैमिषारण्य से आए संस्कृत विद्यालय के बटुकों का तिलक कर अंगवस्त्र एवं दक्षिणा देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
रामताल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली को अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को उनके गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के नाम से पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से जलालाबाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है और उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन रहा है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भगवान परशुराम जन्मस्थली पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परशुरामपुरी को एक भव्य एवं आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हुई है। उन्होंने भविष्य में तहसील और विधानसभा क्षेत्र का नाम भी परशुरामपुरी किए जाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में महापौर अर्चना वर्मा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
