विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
श्री पहाड़ी माता विकास ट्रस्ट, दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित श्री पहाड़ी माता जी का नवम वार्षिकोत्सव रोहिणी स्थित गोल्डन एप्पल टेंट क्रिस्टल हॉल में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दिल्ली, एनसीआर तथा आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे और मां पहाड़ी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात आचार्य विजेंद्र चौहान ने मंगल पाठ कर श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश दिया।
प्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी तथा प्रिंस जैन एवं शुभम रिठालिया ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा हॉल जयकारों और भक्ति रस से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान संकीर्तन, मेहंदी, गजरा, निशान यात्रा एवं चुनरी भेंट जैसे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
वार्षिकोत्सव में भव्य निशान यात्रा, चुनरी भेंट एवं श्रृंगार उत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर मां को विशेष 56 भोग अर्पित किए गए, जिन्हें श्रद्धालु परिवारों की महिलाओं ने अपने घरों में तैयार कर श्रद्धापूर्वक समर्पित किया।
श्री पहाड़ी माता धाम हरियाणा के भिवानी जिले में ढिगावा से लगभग 12 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर स्थित है। इस पवित्र धाम का इतिहास पांडव काल से जुड़ा माना जाता है और यह वर्षों से लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है।
दिल्ली में निवास करने वाले पहाड़ी माता के भक्त प्रतिवर्ष अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ इस वार्षिकोत्सव का आयोजन करते हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिल्ली से निशान लेकर श्री पहाड़ी माता धाम की यात्रा भी करते हैं।
समापन अवसर पर श्री पहाड़ी माता विकास ट्रस्ट, दिल्ली की ओर से कार्यक्रम में पधारे सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा सफल आयोजन में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
