मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

शाहजहाँपुर के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ₹2632.76 लाख की लागत से विकसित परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की आधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर स्विमिंग पूल (तरणताल), बैडमिंटन कोर्ट और कबड्डी इंडोर हॉल का उद्घाटन किया, जबकि 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के शिलापट्ट का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में यह स्टेडियम महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्टेडियम में हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही जिला खेल प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर ₹5 से ₹6 लाख प्रतिमाह व्यय होगा। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के 9 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है।
सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में शाहजहाँपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
स्टेडियम में स्विमिंग पूल, 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, मल्टीपरपज स्पोर्ट्स हॉल, कबड्डी इंडोर हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट पिच, सिटिंग एरिया, सेल्फी पॉइंट और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंत्री ने जल्द ही जनरेटर की व्यवस्था और हॉकी क्लब की स्थापना का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एमएलसी सुधीर गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

