मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे ई-20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल के विरोध में तथा पेट्रोल की कीमत ₹82 प्रति लीटर करने की मांग को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में भी अभियान की शुरुआत करते हुए बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी देखी गई।
पार्टी के अनुसार, यह अभियान राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ई-20 पेट्रोल के संबंध में आम जनता की राय एकत्र कर केंद्र सरकार तक पहुंचाना है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से एकत्र जनभावनाएं देश के प्रधानमंत्री को भेजी जाएंगी।
AAP नेताओं का दावा है कि ई-20 पेट्रोल के उपयोग से दोपहिया व चारपहिया वाहनों के इंजन और माइलेज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब तक देश में अधिकांश वाहन पूरी तरह ई-20 अनुकूल (E20 Compatible) नहीं हो जाते, तब तक इस ईंधन को लागू करना उचित नहीं है।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आम जनता को सस्ता पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में सरकार को ई-20 पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ पेट्रोल की कीमत घटाकर ₹82 प्रति लीटर करनी चाहिए।
AAP ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मांग पर जल्द विचार नहीं किया, तो आने वाले समय में जनसहभागिता के साथ व्यापक आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान जिला समन्वयक मोबीन शेख, एड. मनीष माहुलकर, विलास वाडे, संजय ढोले, अविनाश धनेवार, प्रशांत देवकते, आकाश चमेडिया, किशोर साखरकर, किसन बोरकर, सुनंदा साखरकर, उषा श्रीराम, विनोद रोकड़े, डॉ. नितीन राठौड़ सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार आम आदमी पार्टी की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है, जिसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
