मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें मध्य प्रदेश के नागपुर मंडल अंतर्गत आने वाला जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन भी शामिल है, जिसका ₹25.40 करोड़ की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है।

लोकार्पण के अवसर पर जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा एवं कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित हुआ स्टेशन
एनएसजी-5 श्रेणी के इस स्टेशन पर तीन प्लेटफॉर्म हैं, जहां प्रतिदिन 10 ट्रेनों (5 अप एवं 5 डाउन) का संचालन होता है। प्रतिदिन औसतन 2,867 यात्री इस स्टेशन का उपयोग करते हैं। पुनर्विकास के बाद स्टेशन को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है।
मुख्य सुविधाएं:
• क्षेत्रीय संस्कृति को दर्शाता आधुनिक स्टेशन भवन।
• वातानुकूलित प्रतीक्षालय सहित आधुनिक वेटिंग रूम।
• 100 प्रतिशत दिव्यांगजन अनुकूल एवं बाधारहित परिसर।
• प्लेटफॉर्मों को जोड़ने के लिए चौड़ा फुट ओवरब्रिज और विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर।
• आधुनिक साइनेज, विकसित परिसंचरण क्षेत्र तथा सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन तामिया हिल्स, पातालकोट घाटी, पहली पायरी, करंजी जलप्रपात और हिंगलाज माता मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का मुख्य रेल संपर्क है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिसकी सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने सराहना की।
नई ट्रेन सेवाओं की उठी मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने रेलवे प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं—
• जुन्नारदेव से नागपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जाए।
• वर्तमान में आमला तक चलने वाली मेमू ट्रेन का विस्तार बैतूल तक किया जाए।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को नागपुर एवं बैतूल आने-जाने में काफी सुविधा होगी। रेलवे प्रशासन ने इन मांगों को उच्च अधिकारियों तक सकारात्मक रूप से पहुंचाने का आश्वासन दिया।
डीआरएम विनायक गर्ग का बयान
मीडिया द्वारा जुन्नारदेव से नागपुर तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग पर पूछे गए सवाल के जवाब में नागपुर मंडल के डीआरएम विनायक गर्ग ने कहा कि छिंदवाड़ा होते हुए नागपुर तथा आमला होते हुए नागपुर रेल सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि यह ट्रेन सेवा शुरू होती है तो क्षेत्र की जनता को नागपुर के लिए सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।
