गहोई वैश्य समाज की भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

गहोई वैश्य समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकजुटता के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत नव निर्मित देव धनुषधारी मंदिर में समाजजनों के एकत्रित होने के साथ हुई। इसके पश्चात रथयात्रा श्री कतकया घाट मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ेरिया तिराहा, स्टेट बैंक, नगर पालिका चौराहा, बंधा घाट एवं महाकाली मठ होते हुए चौरसिया धर्मशाला पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की गई।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने नृत्य-गीत के माध्यम से उत्साह व्यक्त किया, जिसमें महिलाओं का नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समाजजनों ने इस अवसर पर अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को विराम देते हुए शाम 4 बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके बाद चौरसिया धर्मशाला में प्रसाद वितरण एवं सामाजिक भंडारे का आयोजन किया गया।
गहोई वैश्य पंचायत के अध्यक्ष बद्री प्रसाद बृजपुरिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता को सबसे बड़ी शक्ति बताया। कार्यक्रम का संचालन सचिव एवं प्राचार्य अजय कुमार नगरिया ने किया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष से 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5,100 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही भूरे बड़ेरिया, अनिवेश कटारे एवं राजा गुप्ता सहित अन्य समाजजनों ने भी 2,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। गहोई युवा मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अपने पुत्र वेदांत गुप्ता के जन्मदिवस पर 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सात विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया। वहीं बलराम कटारे ने दोनों कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान की।

सम्मानित विद्यार्थी:
कक्षा 12वीं – आदर्श गुप्ता (88%), अदिति गुप्ता (83%), श्रेया गुप्ता (82%), आर्य बृजपुरिया (77%)
कक्षा 10वीं – आर्यन गुप्ता (93.8%), पलक गुप्ता (89%), परी गुप्ता (82.4%)
संजय गुप्ता ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान पूरे समाज के गौरव का प्रतीक है और विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करना चाहिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version