मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जनपद पंचायत जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत दातलावादी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों के बढ़ते आतंक से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जंगलों में भोजन की कमी के कारण बंदरों के झुंड गांवों और कस्बों की ओर पहुंच रहे हैं।
बंदरों के झुंड मकानों की सीमेंट शीट और अंग्रेजी कवेलू को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ खेतों, आंगनों और फलदार पेड़ों को भी क्षति पहुंचा रहे हैं। लगातार बढ़ रही इस समस्या से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जामई वन विभाग इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि बंदरों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे नुकसान से लोगों को राहत मिल सके।
