राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
ग्राम लुहागर में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने रहली-गढ़ाकोटा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जिससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और परिवारों का माहौल बिगड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिलाओं को सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शन के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवम दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी महिलाओं से चर्चा की।
महिलाओं ने मांग रखी कि गांव में अवैध शराब की बिक्री तत्काल बंद कराई जाए और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इस पर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद महिलाओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात फिर से सुचारु हो गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

