कलेक्टर-एसपी ने किया 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान का शुभारंभ | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर-एसपी ने किया 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान का शुभारंभ | New India Times

समाज को नशे के अभिशाप से मुक्त करने तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा जन-जागरूकता गतिविधियों की शुरुआत की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कलेक्टर कार्यालय परिसर से जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही एक वृहद जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थी तथा गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एडीएम धीरेन्द्र सिंह, प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इससे पूर्व कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की। इस दौरान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने कहा कि पुलिस विभाग के नेतृत्व में यह अभियान सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता से सफलतापूर्वक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।

पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने बताया कि अभियान की शुरुआत जिलेभर में हो चुकी है। जागरूकता रथ पूरे जिले में भ्रमण कर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से नशे से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी साझा करने का भी आग्रह किया, ताकि उन क्षेत्रों में विशेष फोकस के साथ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version