मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग और उसके दुष्परिणामों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से “नशे से दूरी है ज़रूरी” 2.0 जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे बुरहानपुर जिले में संचालित किया जाएगा।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के प्रभावी संचालन और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल ने पुलिस कंट्रोल रूम, बुरहानपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक आयोजित की।
बैठक में इन्फ्लुएंसर्स से अपील की गई कि वे अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान के वीडियो, पोस्टर, रील और जागरूकता संदेश साझा कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों तथा उससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।
बैठक में बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत घातक है। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने, अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का संदेश दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया गया।
अभियान के दौरान जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में रैलियां, नुक्कड़ नाटक, शपथ कार्यक्रम, जनसंवाद, पोस्टर एवं पम्पलेट वितरण सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के अंत में नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल एवं कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नीता देयरवाल ने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस, समाज, मीडिया और सोशल मीडिया के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के खिलाफ प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है तथा एक सुरक्षित और नशामुक्त बुरहानपुर का निर्माण संभव है।
