केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिले लोजपा (रा) के एमपी प्रतिनिधिमंडल, बुरहानपुर की समस्याओं के समाधान सहित चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी शकील तिजोरीवाला तथा प्रदेश अध्यक्ष हाजी नूर उल्लाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से नई दिल्ली स्थित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के पंचशील भवन में उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बुरहानपुर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

पार्टी के प्रदेश सचिव, वरिष्ठ नेता एवं पत्रकार शकील खान ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखीं—

1. मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू की जाए।

2. बुरहानपुर की ताप्ती मिल को पुनः सुचारु रूप से संचालित किया जाए।

3. पावरलूम बुनकरों की मजदूरी एवं बिजली टैरिफ से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए।

4. पत्रकारों और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।

मुलाकात के दौरान भारतीय परंपरा के अनुसार चिराग पासवान का शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही उन्हें ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी बुरहानपुर की स्मृति-चिह्न स्वरूप एक तस्वीर भी भेंट की गई।

शकील खान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आश्वासन दिया कि वे इन मांगों के संबंध में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर बुरहानपुर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद शौकत अली, जम रावतोले, जिला उपाध्यक्ष शंकर पासी एवं मांगीलाल पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version