VIP रौब पड़ा फीका: महापौर की गाड़ी पर चला ट्रैफिक पुलिस का डंडा, ₹3000 का कटा चालान | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल में मंगलवार (14 जुलाई) को जिला न्यायालय के निर्देश पर एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) ए.के. द्विवेदी ने किया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके के वाहन पर नियम विरुद्ध हूटर और वीआईपी नेम प्लेट लगी मिली। ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल ₹3000 का चालान किया तथा वाहन से अवैध हूटर और नेम प्लेट जब्त कर ली।

विशेष अभियान में मंत्री के स्टाफ, सांसदों, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों के वाहनों की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून के पालन में किसी को भी पद, प्रतिष्ठा या प्रभाव के आधार पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।

अभियान के दौरान विशेष रूप से ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, सायरन, लाल-नीली बत्ती और नियमों के विरुद्ध लगे वीआईपी बोर्ड वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। कई वाहनों से प्रतिबंधित उपकरण हटाए गए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून सबके लिए समान है और सड़क पर यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है, चाहे वह आम व्यक्ति हो या कोई जनप्रतिनिधि।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version