मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना रोजा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पीड़िता की तहरीर पर थाना रोजा में थाना सिधौली निवासी महताब पुत्र कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर एवं प्रभारी निरीक्षक रोजा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अटसलिया पुल के नीचे से आरोपी महताब (27) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशपाल सिंह, कांस्टेबल विशाल अष्टवाल तथा रिक्रूट कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।
