मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
नगर निगम, बुरहानपुर द्वारा शहर के जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष अभियान शनिवार को भी जारी रहा। अभियान के तहत रैन बसेरा के पीछे स्थित वार्ड क्रमांक 36, डाकवाड़ी में भवन स्वामी इस्माइल पिता सुभान तथा मोहम्मद इरफान पिता मोहम्मद लुकमान के अत्यंत जर्जर मकान को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया। मकान को बुलडोजर की सहायता से सुरक्षित तरीके से गिराया गया।
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित भवन मालिकों को भवन हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। निगम के इंजीनियरों द्वारा निरीक्षण में मकान अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में पाया गया। मानसून के दौरान इसके कभी भी ढहने की आशंका को देखते हुए, मोहल्लेवासियों की उपस्थिति में निगम अमले ने भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया।
महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने नागरिकों से अपील की कि जिनके स्वामित्व में जर्जर या खतरनाक भवन हैं, वे उन्हें स्वयं शीघ्र हटवा लें। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा भवन मालिकों को समय रहते आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वर्षाकाल में किसी भी प्रकार की दुर्घटना एवं जन-धन की हानि से बचा जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए भवन खाली कराकर उन्हें ध्वस्त किया जाएगा।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी जर्जर भवनों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। मानसून को देखते हुए नगर निगम का अमला शहरभर में पुराने एवं क्षतिग्रस्त भवनों का सर्वे भी कर रहा है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
कार्रवाई के दौरान सहायक यंत्री गोपाल महाजन, विक्रांत बारकुंवर, अभिषेक रघुवंशी, संजय तिवारी, राजपति यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
