मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के CYVAJRA अभियान के तहत जनपद में साइबर अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल, साइबर थाना, सर्विलांस/एसओजी तथा संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण और गहन जांच की। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के 7 मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन मामलों में करीब 7.20 लाख रुपये की साइबर ठगी सामने आई है। सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि साइबर अपराध में प्रयुक्त बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम विवरण, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाने अथवा साइबर थाने से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने कहा कि शाहजहाँपुर पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
