मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर शुक्रवार को महिला कांग्रेस, जिला बुरहानपुर शहर के तत्वावधान में लालबाग चौराहा स्थित सागर टॉवर पर एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी श्रीमती शांति बालेश्वर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
महिला कांग्रेस की कार्यकारी जिला अध्यक्ष मीनाक्षी महाजन ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर चोरी जैसी घटनाएं लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष रिंकु टॉक ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम के नाम पर वोट मांगने वाले आज राम मंदिर की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
कार्यक्रम में कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष रिंकु टॉक, बुरहानपुर के पूर्व विधायक ठाकुर सुरेन्द्र सिंह उर्फ शेरा भैया, जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, नगर निगम सभापति अनिता अमर यादव, योजना देवड़ा, मीनाक्षी महाजन, आरती लांडे, सरिता राजेश भगत, गोरी दिनेश शर्मा, मीना सुरवाड़े, मनीषा मुहासे, बबिता वास्केले, एडवोकेट रजनी चौहान सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं कांग्रेस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
