पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

जिले में पुलिस विवेचना को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा सीसीटीएनएस परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए Samsung टैबलेट का वितरण कार्यक्रम मनावर स्थित लक्ष्मीनारायण होटल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीआईजी होशंगाबाद रेंज वीरेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी इंदौर (ग्रामीण) रेंज मनोज कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा की उपस्थिति में जिले के 148 विवेचकों को टैबलेट वितरित किए गए।
इन टैबलेट्स का उद्देश्य विवेचना प्रक्रिया को तकनीक आधारित, त्वरित एवं वैज्ञानिक बनाना है। वितरण के तहत मनावर अनुभाग को 57, धामनोद को 33 तथा कुक्षी अनुभाग को 58 टैबलेट प्रदान किए गए।
इन आधुनिक उपकरणों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य संकलन, फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग, दस्तावेजों का त्वरित संकलन और गवाहों के बयान दर्ज कर सकेंगे। इससे न केवल विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि पारदर्शिता बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय, एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह, एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता सहित थाना प्रभारी, विवेचक एवं सीसीटीएनएस सेल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शेष टैबलेट भी जल्द ही अन्य थानों और इकाइयों को वितरित किए जाएंगे।
