अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में हुए बुजुर्ग दंपती के दोहरे हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है। मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने घोषणा की है कि आरोपियों तक पहुंचाने वाली सही एवं महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹50,000 का नगद इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 265/2026 में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत दर्ज इस दोहरे हत्याकांड की विवेचना के दौरान कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। यदि कोई व्यक्ति इन संदिग्धों को पहचानता है या इनके संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी रखता है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचना दे सकता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास इस जघन्य वारदात से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वे आगे आकर इंसानियत का फर्ज निभाएं, ताकि बुजुर्ग दंपती के हत्यारों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जा सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।
संपर्क नंबर:
थाना प्रभारी, ऐशबाग: 9329540284
एसीपी क्राइम ब्रांच, भोपाल: 9425959379
पुलिस कंट्रोल रूम, भोपाल: 0755-2555922
