मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 19 स्थित छोटा पनारा टेकड़ी मोहल्ले में लगभग 300 मीटर सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी संदीप राय ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और दलदल हो जाने से छोटे-छोटे बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार भारत कॉलरी मार्ग से बस्ती तक लगभग 300 मीटर सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से इस मार्ग पर शीघ्र सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग की है।
इस दौरान संदीप राय, मदन उइके, रामकली उइके, अरुण कावरेती, मोनू, राकेश, किरण, फूलवती सूर्यवंशी, मदनलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई।
