मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत खापा स्वामी में भूतहा छाबड़ी जाने वाले मार्ग पर बिजली विभाग की कथित लापरवाही सामने आई है। यहां पावर हाउस खापा स्वामी की फेंसिंग के भीतर लगे ट्रांसफार्मर का कट-आउट बॉक्स जमीन से लगभग आधा मीटर की ऊंचाई पर लगा हुआ है।
लगातार हो रही तेज बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के नीचे पानी भर गया। इसी दौरान एक गाय का बछड़ा ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और पानी में करंट उतरने से उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही बछड़ा तड़पकर गिर पड़ा। घटना को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। करंट समाप्त होने के बाद बछड़ा उठकर चला गया। ग्रामीणों के अनुसार बछड़ा पूरी तरह सुरक्षित है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर का कट-आउट जमीन के बहुत करीब होने के कारण भविष्य में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बिजली विभाग से इस गंभीर समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान करने तथा ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।
