ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

नागपुर की गायत्री कॉलोनी में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक घर के शौचालय में जहरीला कोबरा सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सोमकुअर परिवार के सदस्य सांप को देखकर घबरा गए, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना नागपुर की वाइल्ड एनिमल्स एंड नेचर हेल्पिंग सोसायटी के अध्यक्ष एवं वन्यजीव रेस्क्यूअर शुभम जी.आर. को दी गई। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी व साहस के साथ कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जंगल) में छोड़ दिया गया।
शुभम जी.आर. की तत्परता और सूझबूझ के कारण परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने उनके साहस और वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की।
जानकारी:
कोबरा एक अत्यंत विषैला सांप है। इसके विष में न्यूरोटॉक्सिक (Neurotoxic) तत्व होता है, जो शरीर के तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। यदि कोबरा काट ले, तो पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए और बिना देरी के एंटी-स्नेक वेनम (ASV) सहित उचित चिकित्सा उपचार लेना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है।
