वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने लक्ष्मी नगर कॉलोनी (केडिया फार्म) स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा तथा पालिका कर्मचारियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. मुखर्जी राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर देश को नई वैचारिक दिशा दी और जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
पालिकाध्यक्ष ने घोषणा की कि पार्क में शीघ्र ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में मौजूद बच्चों ने झूलों की मरम्मत और नए झूले लगाने की मांग रखी, जिस पर पालिकाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जुलाई माह के अंत तक नए झूले लगवाने के साथ आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, पूर्व सभासद अशोक सक्सेना, सभासद धर्मेन्द्र तिवारी ‘टीटू’, निरीक्षक संदीप वर्मा, लेखाकार मोहित अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पालिका कर्मचारी, वार्डवासी एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अधिकाधिक वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।
