यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिला के राजाखेड़ा कस्बे में सोमवार को बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई हवाई फायरिंग की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि वायरल वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए राजाखेड़ा थाना पुलिस, साइबर सेल और स्पेशल टीम की संयुक्त टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। एसपी ने विश्वास जताया कि तीनों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी विकास सांगवान ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी को भी भय और दहशत का माहौल बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
