विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
समाजसेवा केवल लोगों की सहायता तक सीमित नहीं होती, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशीलता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच के साथ खिदमत सोसायटी, बड़ौत निरंतर जनसेवा और जीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान मलिक के नेतृत्व में संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सेवा अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते जा रहे हैं।
महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता विपुल जैन ने डॉ. इरफान मलिक के क्लीनिक पहुंचकर संस्था द्वारा किए जा रहे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर डॉ. मलिक ने उन्हें पक्षियों के लिए एक घोंसला तथा बेजुबान पशुओं के लिए पानी पीने का विशेष पात्र भेंट किया और पक्षियों एवं बेजुबान जीवों के संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन की दिशा में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
विपुल जैन ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान, गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए लगाए गए वाटर कूलर, शीतल पेयजल एवं शर्बत की प्याऊ, सड़कों पर घूमने वाले बेजुबान पशुओं के उपचार, उनके भोजन एवं पानी की व्यवस्था तथा चारे-पानी के लिए बड़े पात्र रखवाने जैसी मानवीय पहलों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में करुणा, सेवा और मानवता का संदेश देते हैं तथा अन्य संस्थाओं को भी प्रेरित करते हैं।
उन्होंने बताया कि खिदमत सोसायटी केवल पशु-पक्षियों और पर्यावरण संरक्षण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नियमित रूप से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सर्दियों में जरूरतमंदों को कंबल वितरण, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग तथा गरीब विद्यार्थियों को कॉपी, किताबें और स्टेशनरी उपलब्ध कराने जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्य भी करती है। इसके अलावा संस्था समय-समय पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए भी विभिन्न अभियान संचालित करती रहती है।
विपुल जैन ने कहा कि आज के दौर में, जब सामाजिक संवेदनाएं कम होती जा रही हैं, ऐसे समय में खिदमत सोसायटी का सेवा भाव वास्तव में अनुकरणीय है। उन्होंने डॉ. इरफान मलिक एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी समाज, पर्यावरण और बेजुबान जीवों की सेवा का यह पुनीत अभियान इसी समर्पण और निष्ठा के साथ जारी रखेगी।
