मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार के निर्देशन में संचालित वन महोत्सव अभियान के पंचम दिवस पर तिलहर रेंज की खुदागंज बीट क्षेत्र में शाहपुर खितौआ से भोना तक शारदा नहर किनारे जनजागरूकता गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा आमजन को वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामरति देवी, वन विभाग के उपराजिक अमित शर्मा, बीट प्रभारी श्याम सिंह सहित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का जनआंदोलन है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, पर्याप्त जल संसाधन और समृद्ध जैव विविधता सुरक्षित की जा सकती है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वन विभाग ने नागरिकों से वन महोत्सव के दौरान बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन विभाग और स्थानीय ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।
