राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जमुनिया चिखली के होनहार छात्र अंकित प्रजापति का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन होने पर विद्यालय परिवार द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य भरत सिंह परिहार ने कहा कि जब विद्यालय के छात्र अपने परिश्रम और लगन के बल पर देश की सेवा के लिए चयनित होते हैं, तो यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय होता है। उन्होंने अंकित को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अरुण कुमार दुबे ने कहा कि उन्हें अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा और क्षमता पर सदैव विश्वास रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अंकित प्रजापति की यह उपलब्धि उसी विश्वास का प्रमाण है।
शिक्षक नरेश कुमार यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जमुनिया चिखली प्रारंभ से ही प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का केंद्र रहा है। विद्यालय के अनेक पूर्व छात्र आज विभिन्न शासकीय विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। अंकित प्रजापति का अग्निवीर के रूप में चयन पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर अंकित प्रजापति ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन, प्रेरणा तथा शारीरिक दक्षता के लिए दिए गए प्रशिक्षण को दिया। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में शिवपुरी में आयोजित चयन प्रक्रिया में उन्होंने सफलता प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं सभी शिक्षकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के समस्त स्टाफ ने अंकित प्रजापति को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ कीं।
