बारिश में जलभराव से दातला अंडरब्रिज बना परेशानी का कारण, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से राहगीर परेशान | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

बारिश में जलभराव से दातला अंडरब्रिज बना परेशानी का कारण, पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से राहगीर परेशान | New India Times

जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित दातला अंडरब्रिज हर वर्ष बारिश के मौसम में लोगों के लिए परेशानी का कारण बन जाता है। रेलवे पीडब्ल्यूआई विभाग द्वारा पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण अंडरब्रिज में बारिश का पानी लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जलभराव के कारण अंडरब्रिज में गड्ढों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, बारिश के बहाव के साथ आने वाली गिट्टी, रेत और मिट्टी भी अंडरब्रिज में जमा हो रही है, जिससे इसकी ऊंचाई धीरे-धीरे कम होती जा रही है। यदि समय रहते सफाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़े वाहनों का यहां से निकलना मुश्किल हो सकता है।

सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद अंडरब्रिज की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि विभाग द्वारा अंडरब्रिज के आसपास नियमित सफाई नहीं कराई जाती और न ही पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था की जाती है। उन्होंने रेलवे विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि अंडरब्रिज में जमा गिट्टी, रेत और मिट्टी को तत्काल हटाया जाए, गड्ढों की मरम्मत कराई जाए तथा पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version