बुरहानपुर में डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने ली अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और साइबर अपराधों पर सख्ती के दिए निर्देश | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

दिनांक 02 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में उप पुलिस महानिरीक्षक (निमाड़ रेंज, खरगोन) श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के आगमन पर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने अनुभागवार एजेंडा बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद डीआईजी श्री सिद्धार्थ बहुगुणा ने अपराध समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों एवं चालानों का शीघ्र निराकरण करने, महिला संबंधी अपराधों एवं शिकायतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लघु अधिनियम, जुआ अधिनियम, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा गोवंश संबंधी प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई, वरिष्ठ कार्यालय एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक एवं समयबद्ध निराकरण, संपत्ति संबंधी अपराधों (चोरी, लूट, डकैती एवं नकबजनी) में अधिकतम रिकवरी सुनिश्चित करने तथा ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश भी दिए।

डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर एफआईआर, नक्शा मौका, गिरफ्तारी, जब्ती, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य अपलोड, ऑनलाइन वारंट प्रक्रिया सहित समस्त विवेचना संबंधी कार्यों का समयबद्ध एवं मानक अनुरूप अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही आदतन अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, गुंडा निगरानी, जिला बदर आरोपियों की नियमित जांच, लंबित खात्मा एवं खारिजी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने तथा माइक्रो बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अफवाह फैलाने वाले एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, इंटेलिजेंस तंत्र को सक्रिय बनाए रखने, राहवीर योजना एवं हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना के अंतर्गत पात्र पीड़ितों एवं उनके परिजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर डीआईजी श्री सिद्धार्थ बहुगुणा ने थाना प्रभारियों को टैबलेट वितरित किए। अब विवेचक मौके पर ही ‘ई-विवेचना’ फॉर्म भरकर प्रकरण को तत्काल डिजिटल रिकॉर्ड का हिस्सा बना सकेंगे, जिससे विवेचना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी होगी।

बैठक के दौरान डीआईजी ने त्योहारों के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने एवं कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति बनाए रखने के लिए बुरहानपुर पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी सतर्कता, प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा कार्यालयीन अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version