मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव नगर पालिका परिषद द्वारा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर के सभी 18 वार्डों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से पाइपलाइन विस्तार कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य के दौरान सड़क खोदने, गड्ढों को खुले छोड़ने और गुणवत्ता को लेकर नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती नेहा धुर्वे एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न वार्डों का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाइपलाइन बिछाने के कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई है, वहां कार्य पूर्ण होते ही गड्ढों को कंक्रीट एवं अन्य आवश्यक सामग्री से समुचित तरीके से भरकर सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
