अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा संचालित “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत आज भोपाल स्थित टीआईटी कॉलेज में विद्यार्थियों के बीच व्यापक जनसंपर्क एवं पंपलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं तथा अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने अभियान का समर्थन करते हुए मिस्ड कॉल के माध्यम से अपनी सहमति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता श्री सचिन द्विवेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रवि परमार एवं जिला अध्यक्ष श्री अक्षय तोमर ने किया।
इस अवसर पर सचिन द्विवेदी ने कहा “देश का युवा आज शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही चाहता है। ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज़ को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है।

प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा, “हम कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। यह अभियान छात्रों की समस्याओं को सुनने, उन्हें संगठित करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करने का प्रयास है। विद्यार्थियों का उत्साह बता रहा है कि वे बदलाव चाहते हैं।”
जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने कहा, “TIT कॉलेज के विद्यार्थियों ने जिस उत्साह के साथ अभियान का समर्थन किया और बड़ी संख्या में मिस्ड कॉल कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई, वह छात्रों के विश्वास का प्रतीक है। आने वाले दिनों में यह अभियान भोपाल के प्रत्येक महाविद्यालय तक पहुंचेगा और छात्रों की आवाज़ को और बुलंद करेगा।”
कार्यक्रम के दौरान जिला महासचिव अमित हाटिया, कॉलेज अध्यक्ष हर्ष पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष शिखर राजपूत सहित NSUI के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
