रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

विश्व चिकित्सा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय चिकित्सा संघ एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में शहर के सात वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा समाज के प्रति समर्पित सेवाओं की सराहना की गई।

सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. आलोक गर्ग (एम.एस. सर्जन), डॉ. कीर्तिका तारवाला (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. राकेश लाड़ (ऑर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. डी.के. पाटीदार (ऑर्थोपेडिक सर्जन), डॉ. दर्पण टोके (अधीक्षक, शासकीय जिला चिकित्सालय), डॉ. अशोक पगारे (सर्जन) तथा डॉ. राकेश चौकसे (शिशु रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे।

आरोग्य भारती के जिला संयोजक डॉ. मनोज अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए भगवान का स्वरूप हैं। वे अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा-भाव से लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान करना मानवता का सम्मान है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय चिकित्सा संघ के जिला अध्यक्ष विनोद चौधरी, डॉ. किरण कोल्हे, डॉ. दिलीप चौहान, डॉ. तरुण चौकसे, डॉ. सुभाष माने, डॉ. डी.पी. चौहान, डॉ. बृजेश श्रीवास्तव सहित अनेक चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
