मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में UPTET-2026 की लिखित परीक्षा 2 व 3 जुलाई को दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा जिले के 9 केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व ही बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में परीक्षार्थियों को समय से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य होगा।
उन्होंने सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को 1 जुलाई तक सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था, पेयजल, पंखे, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए परिचय पत्र (आईडी कार्ड) अनिवार्य किया गया है।
संभावित बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में जीएफ कॉलेज (ब्लॉक-ए व बी), जनता इंटर कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, एबी रिच इंटर कॉलेज, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज, दलेलगंज शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत तथा जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
