अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
बारिश के बीच थाना हनुमानगंज पुलिस ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग की जान बचाने में सफलता हासिल की है। शनिवार देर रात करीब 12 बजे पुट्ठा मिल, अग्रवाल तिराहा के पास छोला रोड स्थित नाले में गिरे लगभग 60 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग को पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, चार्ली-2/1 पर तैनात आरक्षक मोहित शिवहरे और राजेन्द्र रघुवंशी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नाले से “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि तेज बहाव और दलदल में फंसा बुजुर्ग पानी के साथ बहता जा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक मोहित शिवहरे तत्काल नाले में उतर गए। गहरे दलदल में स्वयं आधे तक धंसने के बावजूद उन्होंने बुजुर्ग को संभाले रखा। बाद में उप निरीक्षक रामसजीवन, एफआरवी में तैनात प्रधान आरक्षक तथा अन्य पुलिसकर्मियों के संयुक्त प्रयास से बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद बुजुर्ग की हालत गंभीर थी। आरक्षक मोहित शिवहरे ने तत्काल सीपीआर देकर उसके मुंह से पानी निकाला, जिससे उसकी सांसें सामान्य हुईं। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे ऑटो से हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई।
पूरे रेस्क्यू अभियान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी तेज बहाव और दलदल के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग की जान बचाते दिखाई दे रहे हैं। यह घटना मध्यप्रदेश पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
