राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
देवरी क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना नेशनल हाईवे-44 पर चीमाढाना के पास हुई, जहां पैदल जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। वहीं दूसरी घटना ग्राम इमझिरा में हुई, जहां एक व्यक्ति बाइक सहित पुलिया से नीचे गिर गया।

थाना प्रभारी हरिराम मानकर के अनुसार, मृतक राजेश (23) पिता गंगाराम आदिवासी, निवासी चोरधवई, रविवार तड़के करीब 4-5 बजे साहू ढाबा पर काम खत्म कर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना शनिवार रात ग्राम इमझिरा की है। सीताराम (35) पिता बैजनाथ कुर्मी, निवासी ग्राम झिरी, बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में चूरामन पुलिया पर रेलिंग नहीं होने के कारण वे अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पुलिया पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

देवरी पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

