अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने शनिवार को कहलगांव अनुमंडल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यालयीन कार्यों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय के अभिलेखों का समुचित संधारण एवं नियमित अद्यतन करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता और जवाबदेही के साथ करें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्रगुप्त, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
