अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिले के कहलगांव शहर में मुहर्रम की 10वीं तारीख पर पारंपरिक ताजिया जुलूस पूरे धार्मिक उत्साह और अकीदत के साथ निकाला गया। देर रात यह जुलूस पहलाम के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
हजारों अकीदतमंदों और पैकरों की मौजूदगी में निकला जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से गुजरता हुआ कर्बला मैदान पहुंचा, जहां ताजिया का पहलाम किया गया। पूरे मार्ग में गम और अकीदत का माहौल देखने को मिला।
जुलूस के दौरान तिरंगा झंडा भी लहराया गया और “भारत माता की जय” के नारे गूंजते रहे, जो आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दे रहे थे। जुलूस को देखने के लिए शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस बल के साथ अधिकारी लगातार निगरानी करते नजर आए। मौके पर मौजूद डीएसपी ने बताया कि मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
इस दौरान शहर के गांगुली पार्क में मेला जैसा माहौल देखने को मिला। यहां महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां वे ताजिया देखने के लिए एकत्रित हुईं, जबकि पुरुषों का प्रवेश निषेध रखा गया था।
कार्यक्रम में कहलगांव एसडीओ, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित शहर के गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

