मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

घाटंजी तहसील के पारवा पुलिस थाने के थाना प्रभारी हेमंत चौधरी पर एक वाहन चालक की सरेआम पिटाई करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुर्ली निवासी शेख शाकीर शेख कम्मू, जो मालवाहक वाहन चलाते हैं, 19 जून की रात आर्णी से इचोडा (जिला आदिलाबाद) की ओर चार कृषि उपयोगी पशु लेकर जा रहे थे। आरोप है कि चिखलवर्धा चौक पर पारवा थाना प्रभारी हेमंत चौधरी ने उनका वाहन रोककर बिना पूछताछ के पशुओं को वध के लिए ले जाने का आरोप लगाया और लोहे की पाइप व लकड़ी के डंडे से उनकी पिटाई कर दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव करने आए क्लीनर शेख आदिल के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का दावा है कि उनके पास पशुओं से संबंधित सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे, बावजूद इसके उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें गालियां दी गईं। साथ ही कथित तौर पर धमकी दी गई कि यदि कहीं शिकायत की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
शिकायत में दो लाख रुपये की उगाही मांगने, झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने तथा हिरासत में उचित सुविधाएं न देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। मारपीट में घायल शेख शाकीर ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से बिस्तर पर हैं।
मामले को लेकर शेख शाकीर ने किसान नेता प्रो. पंढरी पाठे सहित अन्य साथियों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इस पर एसपी कुमार चिंता ने थाना प्रभारी से फोन पर स्पष्टीकरण मांगा और नाराजगी जताते हुए कहा कि कानून हाथ में लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
